राजस्थान/बाड़मेर – जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने सोमवार को बाड़मेर नगर परिषद कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शहरी सेवा शिविरों में आने वाले प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करवाते हुए आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत एवं यूआईटी सचिव विवेक व्यास उपस्थित रहे।जिला कलक्टर चिन्यमी गोपाल ने शिविर में उपस्थित आमजन से संवाद करते हुए विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से अब तक प्राप्त परिवादों और उनके निस्तारण की वस्तुस्थिति जानी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को यथासंभव शिविर स्थल पर राहत प्रदान करवाने का प्रयास किया जाए। ताकि उनको बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को एक ही स्थान पर जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करवाने के साथ उनकी समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जाए। शहरी सेवा शिविरों के दौरान पट्टे जारी करने सहित अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं। यदि कोई नागरिक ऑफलाइन आवेदन लाता है, तो उनकी सहायता के लिए शिविरों में ई-मित्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे जन कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक फायदा उठाने के साथ अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक करें। इस दौरान आयुक्त भगवतसिंह परमार ने शहरी सेवा शिविर में निष्पादित किए जा रहे कार्याें के बारे में अवगत कराया।
— राजस्थान से राजूचारण
