दुकान से नोटों का हार चोरी करने वाले दो आरोपी मुठभेड़ मे गिरफ्तार, गोली लगने से एक घायल

अलीगंज, बरेली। जनपद के थाना अलीगंज पुलिस ने मुठभेड़ के बाद संभल जिले के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश अलीगंज और सिरौली थाना क्षेत्र में नोटों की गड्डी व माला चोरी करने की घटनाओं में शामिल थे। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंवला के सीओ नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी की गई दो नोटों की मालाएं बरामद की हैं। इनमें एक माला 5000 रुपये की और दूसरी 2100 रुपये की थी। घटना में इस्तेमाल की गई एक बाइक और एक तमंचा भी बरामद हुआ है। नौ जून को सिरौली में पुनीत की दुकान से नोटों की माला चोरी हुई थी। उसी दिन अलीगंज में मोहित की दुकान से भी नोटों की गड्डी और नोटों के हार चोरी हुए थे। इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक ही बाइक और एक जैसे व्यक्ति दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर इनकी की तलाश शुरू की गई। गुरुवार तड़के अलीगंज थाने के उपनिरीक्षक राजेश कुमार के साथ पुलिस टीम अलीगंज-सिरौली मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सिरौली की ओर से बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। बदमाशों ने गांव अंतपुर के रास्ते की ओर बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। उन्होंने पुलिस टीम पर दो फायर किए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में साहिल मलिक नाम के चोर के बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश साहिल मलिक संभल के बिचोटा काजी गांव का निवासी है। दूसरा गिरफ्तार बदमाश धर्मेंद्र कुमार भी संभल के फिरोजपुर बोदा गांव का रहने वाला है। साहिल को अस्पताल भेजा गया है। सीओ ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के संबंध में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों बदमाशों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *