चकबंदी कानूनगो 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

फरीदपुर, बरेली। एंटी करप्शन की टीम ने चकबंदी विभाग के कानूनगो को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एंटी करप्शन के प्रभारी की ओर से आरोपी कानूनगो के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है। शाहजहांपुर के मोहल्ला रेती के रामचंद्र मिशन निवासी कमल सुधीर शुक्ला फरीदपुर के चकबंदी कार्यालय में कानूनगो के पद पर तैनात थे। कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला को तहसील के शिवपुरी इलाका खजुरिया गांव की चकबंदी के कार्य की जिम्मेदारी दी गई थी। गांव मे चकबंदी प्रक्रिया शुरू हुई। जिसके बाद भ्रष्टाचार की शिकायतें आने लगी। भ्रष्टाचार से डरे किसानों ने कई बार तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए गांव को चकबंदी से बाहर किए जाने की मांग की। लेकिन गांव को चकबंदी मुक्त नही किया गया। आरोप है शिवपुरी इलाका खजुरिया के राजीव ने चकबंदी के दौरान कानूनगो से अपनी जमीन की पैमाइश के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने 10000 की रिश्वत मांगी। राजीव ने एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह से रिश्वतखोरी की शिकायत की। बुधवार को कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला ने रिश्वत लेने को राजीव को फतेहगंज पूर्वी के बिलपुर स्टेशन के पास बुलाया। राजीव ने एंटी करप्शन को सूचना दी। एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने टीम के साथ घेराबंदी की। राजीव ने कानूनगो को 10000 की रिश्वत दी। इसी दौरान एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने कानूनगो के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण के तहत मुकदमा दर्ज कराया। जितेंद्र सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। कोई भी पीड़ित व्यक्ति 9454405475 पर शिकायत कर सकता है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *