बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र मे 29 वर्षीय राजेश की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या की आशंका की ओर बढ़ रहा है। पुलिस ने इस मामले मे मृतक के दो दोस्तों, नरेंद्र उर्फ नेता और राजीव उर्फ राजवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था लेकिन अब पुलिस गहन जांच कर रही है। राजेश ईट-भट्टे पर मजदूरी करता था। बताया गया है कि वह मजदूरी के पैसों के लेन-देन के सिलसिले मे अपने दोनों साथियों के साथ गया था। इसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत मे लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस पूछताछ मे आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन तीनों ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद स्कूटी से लौटते समय सामने से आ रहे एक वाहन से बचने के प्रयास मे उनकी स्कूटी फिसल गई। इस दुर्घटना मे तीनों घायल हो गए जबकि राजेश के सिर मे गंभीर चोट आई। आरोपियों के अनुसार वे राजेश को प्राथमिक उपचार के लिए एक मेडिकल स्टोर पर ले गए थे। जहां से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस कार्रवाई के डर से उन्होंने घायल राजेश को अस्पताल ले जाने के बजाय उसके गांव के बाहर छोड़ दिया और फरार हो गए। उनका दावा है कि समय पर इलाज न मिलने के कारण राजेश की मौत हो गई। पुलिस को आरोपियों की इस कहानी पर संदेह है। जांचकर्ताओं का मानना है कि यदि यह केवल एक दुर्घटना थी तो गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे गांव के बाहर छोड़ना कई सवाल खड़े करता है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय मे पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले मे दुर्घटना और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
