किसानों ने अंडरपास की मांग पर खोला मोर्चा, आंदोलन की दी चेतावनी

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। बदायूं बाईपास सड़क निर्माण के कारण खेतों तक पहुंच मार्ग बंद होने से नाराज किसानों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले ग्राम रसूला चौधरी मे किसान पंचायत आयोजित की गई। जिसमें अंडरपास निर्माण और भूमि मुआवजे की मांग उठाई गई। इस पंचायत का नेतृत्व संगठन के प्रदेश सचिव चौधरी अरुण सिंह राठी ने किया। किसानों का कहना है कि बदायूं बाईपास रोड के निर्माण से रसूला चौधरी, माधोपुर, रुकुमपुर सहित कई गांवों की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि प्रभावित हुई है। सड़क बनने से खेतों तक जाने वाले मुख्य रास्ते बंद हो गए है। जिससे खेती-किसानी के कार्य बाधित हो रहे है। इसी समस्या के समाधान के लिए किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव चौधरी अरुण सिंह राठी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों को उनकी भूमि का उचित मुआवजा और खेतों तक सुरक्षित पहुंच के लिए अंडरपास मिलना चाहिए। जिलाध्यक्ष तेजपाल गंगवार ने भी किसानों के समर्थन में संघर्ष जारी रखने की बात कही। सूचना मिलने पर नायव तहसीलदार सदर बरेली मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने अंडरपास निर्माण और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर नायब तहसीलदार को एक ज्ञापन भी सौंपा। किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर महापंचायत और आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सहीरउद्दीन, जाकिरुद्दीन, दानिश अख्तर, राकेश राठौर, मनजीत सिंह, नगर अध्यक्ष डॉ मुदित प्रताप सिंह, कृष्णचंद्र शर्मा, भूरेलाल, जगदीश पाल,अरविंद गंगवार, तेजपाल राठौर, याकूब उर्फ बबलू, पुत्तन खां, जफर मोहम्मद, सरदार नानक सिंह, महेंद्र पाल, सरदार सज्जन सिंह, सरदार गुरदेव सिंह आदि गांव के किसान और भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *