आंधी का कहर: पड़ोसी का सोलर पैनल उड़कर आंगन मे गिरा, युवक की मौत, अलग-अलग घटनाओं में पांच घायल

बरेली। जनपद मे बुधवार रात आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। इस दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक किशोरी और चार अन्य लोग शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पहली घटना कैंट क्षेत्र के नकटिया में हुई जहां 25 वर्षीय केहरी सिंह अपने घर के आंगन में सो रहे थे। आंधी के कारण पड़ोसी के मकान की छत से एक सोलर पैनल उड़कर उनके ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल केहरी सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसी तरह की घटना में पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी सविता के पैरों में फ्रैक्चर हो गया। सविता के ऊपर भी हीरालाल के घर से सोलर पैनल गिरा था। दूसरी घटना थाना कैंट क्षेत्र स्थित संत मुनि आश्रम परिसर में हुई। यहां एक पुराना पीपल का वृक्ष गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तीन लोग घायल हो गए। घायलों में हरीश (26), रवि (30) और पप्पू उर्फ मोंटी (75) शामिल हैं। इन तीनों को जिला अस्पताल, बरेली में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर कैंट संजय धीर ने घायलों का हाल जाना। इनमें हरीश के हाथ में फ्रैक्चर आया है। रवि के सिर और कमर में चोटें लगी हैं। पप्पू उर्फ मोंटी के सिर में चोट आई है। एक अन्य घायल रामभरी (50) को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना कैंट पुलिस जांच कर रही है। राजस्व टीम आंधी से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। पीलीभीत बाइपास पर पासपोर्ट कार्यालय के सामने लगा विज्ञापन बोर्ड झुक गया। एक बरातघर का गेट टूट गया और श्यामगंज में एक छत गिर गई। मलूकपुर इलाके में छत पर लगा सौर ऊर्जा पैनल भी उड़ गया। सेटेलाइट बस अड्डे के पास पेड़ गिरने से एक ऑटो चालक घायल हो गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *