बरेली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रधानमंत्री द्वारा 23वीं किस्त वितरण का पश्चिम बंगाल के हुगली स्थित तारकेश्वर से सजीव प्रसारण आईवीआरआई केंद्रीय सभागार में हुआ। जिले के 2.95 लाख लाभार्थी किसानों के खातों में 59 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई। मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, विशिष्ट अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, कृषि विभाग के संयुक्त कृषि निदेशक डीबी सिंह, उप कृषि निदेशक ओम प्रकाश मिश्र, जिला कृषि अधिकारी ऋतुजा तिवारी समेत 265 किसान और अन्य प्रतिभागियों ने सजीव प्रसारण देखा। 11 किसानों को 23वीं किस्त मिलने पर प्रशस्ति पत्र दिए गए। केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक मजबूती का बड़ा माध्यम बनी है और इससे छोटे एवं सीमांत किसानों को सीधा लाभमिल रहा है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभबिना किसी बिचौलिए के सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है। आईवीआरआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान कृषि, पशुपालन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा की गई तथा किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
