बरेली। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली तीन दिवसीय उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के पहले दिन गुरुवार को पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे व दूसरी पाली दोपहर 2.30 से पांच बजे तक हुई। उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा जिले के 17 केंद्रों पर हुई। दोनों पाली में परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल 15099 में से 13258 उपस्थित व 1841 अनुपस्थित रहे। पालीवार उपस्थिति की बात करें तो पहली पाली की परीक्षा में 7549 अभ्यर्थियों में से 6603 ने पेपर दिया जबकि 946 अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में पंजीकृत 7550 में से 6655 उपस्थित व 895 अनुपस्थित रहे। शुक्रवार को भी दो पाली में सभी 17 केंद्रों पर यूपी टीईटी की परीक्षा होगी। बायोमैट्रिक मिलान के साथ किया गया रेटिना स्कैनः परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र की जांच के साथ ही बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया। केंद्रों में प्रवेश से पहले महिला अभ्यर्थियों की चूड़ी, पायल, हेयरपिन, सोने की चेन उतरवाई गई। पुरुष अभ्यर्थियों के गमछे, टोपी और बेल्ट बाहर रखवाए गए। शर्ट के फोल्ड हैंडको खुलवाकर ही अंदर जाने दिया गया। 150 मिनट में पूछे गए डेढ़ सौ प्रश्नः उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) परीक्षा की प्रथम पाली में 150 मिनट में 150 सवाल पूछे गए। परीक्षार्थियों को उपस्थिति आदि भरने के लिए पांच मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। भाषा और सामाजिक अध्ययन के प्रश्नः हिंदी में वाक्य पहचान (मेज पर पुस्तक रखीं हैं) और संज्ञा (भैंस का दूध कितने रुपये लीटर हैं) पर सवाल थे। तरंग, तुरंग जैसे युग्म शब्दों का अर्थ और चुल्लू भर पानी में डूब मरना मुहावरे का अर्थ भी पूछा गया।।
बरेली से कपिल यादव
