फरीदपुर, बरेली। फरीदपुर के ढकनी रजपुरी गांव में जमीन को लेकर डालचंद्र की हत्या के आरोपी बेटे-बहू की गिरफ्तारी की मांग करते हुए लोगों ने थाने का घेराव किया। फरीदपुर के ढकनी रजपुरी गांव के डालचंद्र उर्फ डोरी लाल राठौर (60) फेरी लगाकर ठेले पर मसाले बेचने का काम करते थे। गांव में ही डालचंद्र के पास 12 बीघा जमीन थी। जिसमें से वो चार बीघा कुछ समय पहले बेच चुके थे। 15 जून की सुबह बेटा गोपीचंद और बहू ज्ञान देवी ने डालचंद्र को घर में बंद करके फरसे से हमला कर दिया। डालचंद्र भागने लगे तो बेटे-बहू ने उन्हें आंगन में गिरा कर हॉकी से दोनों हाथ तोड़ दिए थे। घायल अवस्था में डालचंद को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बेटे-बहू के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था, बाद में हत्या की धारा बढ़ाई गई थी। बेटे और बहू के खिलाफ पति की हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद पुष्पा देवी गिरफ्तारी की मांग करने लगी। सोमवार को पुष्पा देवी के परिवार के तमाम लोग थाने पहुंचे और जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया की हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द हत्या आरोपी बेटे बहु को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
