नवाबगंज, बरेली, पीलीभीत। जनपद पीलीभीत मे घर की रसोई मे बर्तन रख रही महिला को सांप ने डस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। महिला ने चूहों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। उसमें पहले से मौजूद सर्प ने उसके दाएं हाथ की अंगुली में डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने पीलीभीत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उसने दम तोड़ दिया। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव हरीनगर निवासी सुनीता 45 मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती थी। पति भगवान दास ई रिक्शा चालक हैं। शुक्रवार शाम को सुनीता गांव निवासी एक व्यक्ति के खेत से मजदूरी कर घर लौटी। इसके बाद खाना बनाया। पति और दो बच्चों को खिलाकर नल पर बर्तन धोने चली गई। इसके बाद जमीन पर रखे बर्तन में उन्हें रखने लगी। इस बीच थाली जमीन पर गिर गई। सुनीता ने जैसे ही थाली को उठाने के लिए हाथ बढ़ाया। वहां पर रखे पिंजरे में फंसे सर्प ने उन्हें डस लिया। किसी के काटने की जानकारी सुनीता ने परिवारीजन को दी। वह दौड़कर रसोई मे पहुंचे। वहां सर्प देखंकर सभी दंग रह गए। सुनीता की हालत बिगड़ने लगी। उसे लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम कराने के इन्कार करने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनो के सुर्पुद कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
