मीरगंज, सिरौली, क्योलड़िया, बरेली। क्षेत्रवासी ज्येष्ठ माह के गंगा दशहरा पर 25 मई को नदियों मे स्नान करेंगे। इसके मद्देनजर रामगंगा के सिरौली, शिवपुरी, अंजनी, गोरा लोकनाथपुर, कैलाश गिरी आदि घाटों और देवहा नदी के किनारे बहर जागीर में सुरक्षा इंतजाम किए गए है। मीरगंज एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ अजय कुमार और प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने रविवार को क्षेत्र में गोरा लोकनाथपुर और कैलाश गिरी घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था करने का निर्देश कर्मचारियों को दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पानी और स्वास्थ्य संबंधी इंतजाम किए गए हैं। सीओ ने बताया कि चार पहिया वाहनों को मेला स्थल से पहले ही रोकने का निर्देश दिया है। जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। वही भाजपा नेता विशाल गंगवार के नेतृत्व मे युवाओं समेत ग्रामीणों ने गोरा घाट पर लगने मेले के लिए मेला स्थल पर सफाई की। प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को हटाया और गंदगी साफ की। सफाई करने वालों में सुमित, कुलदीप, सुशील, टिंकू, अंतरिक्ष, अतुल, आकाश, बाबू राम आदि शामिल रहे। वही सिरौली थाना प्रभारी विनोद कुमार ने क्षेत्र के सिरौली, शिवपुरी और अंजनी घाट का निरीक्षण किया। वहां व्यवस्थाएं परखीं। सुरक्षा के लिए घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। हालांकि गंगा दशहरे पर क्षेत्र में असमंजस है। रामगंगा श्मशान घाट के प्रबंधक रामपाल मौर्य ने बताया कि इस बार ज्येष्ठ के पहले माह में पर्व नहीं मनाया जाएगा। वहीं, थोक विक्रेता परवेज ने बताया कि मेले से पहले कई दुकानदार प्रसाद खरीदते हैं। अभी कुछ दुकानदारों ने ही खरीदारी की है। नगर पंचायत के सफाई निरीक्षक रोहताश वाल्मीकि ने बताया कि उनको सिरौली घाट पर व्यवस्था करने का आदेश नहीं मिला है। नगर पंचायत की ओर से सिरौली घाट पर व्यवस्था नहीं की गई है। वही भदपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बहर जागीर में देवहा नदी के किनारे ज्येष्ठ दशहरा मेला के लिए मद्देनजर थाना प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। घाटों पर बैरिकेडिंग करने और गोताखोरों को 24 घंटे मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान दीनदयाल, उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
