बरेली। उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ बरेली मंडल की समीक्षा बैठक रविवार को मानसिक चिकित्सालय के सभागार में हुई। इस दाैरान रिक्त पदों पर मनोनयन भी किय गया। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार के प्रतिनिधि अनिल कुमार सक्सेना व स्वास्थ्य मंत्रालय के सलाहकार मनोज थपलियाल के प्रतिनिधि डॉ. विनोद पागरानी को प्रांतीय संरक्षक महेंद्र कुमार पांडेय, अध्यक्ष रामराज दुबे व महामंत्री सुरेश सिंह यादव ने मांग पत्र सौंपा। इसमें संशोधित वेतनमान का शासनादेश कराने, समूह घ की सीधी भर्ती कराने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर आउट सोर्सिंग के माध्यम से रखे गए कर्मचारियों का भुगतान सीधे विभागों से कराने और उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग की गई। इससे पूर्व महेंद्र कुमार पांडेय ने प्रांतीय संगठन मंत्री के रिक्त पद पर दिनेश कुमार का मनोनयन किया। रामराज दुबे ने नरेंद्र पाल को मंडल अध्यक्ष, गोविंद सिंह को मंत्री मनोनीत किया। महासंघ की महिला मोर्चा इकाई का भी गठन हुआ। इसमें रुचिका वर्मा को अध्यक्ष, प्रतिमा सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मुन्नी यादव को मंत्री, संतोष को उपमंत्री, रीना कोरी को संयुक्त मंत्री, मीना को कोषाध्यक्ष व इंदिरा देवी को संगठन मंत्री के पद पर मनोनीत किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
