युवकों ने रची थी देवेश को फंसाने की साजिश, तमंचा चेक करते समय लगी थी दोस्त को गोली

अलीगंज, बरेली। देवेश को फंसाने के लिए की गई झूठी शिकायत की जांच में पुलिस ने सच का खुलासा कर दिया है। इस मामले में आरोपी छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इन युवकों ने अपने ही एक साथी को गोली लगने के बाद, पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक युवक को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची थी। मीरगंज के मोहल्ला शेखुपूरा निवासी देवेश गंगवार 29 जून को अपने बीमार ताऊ सुरेश गंगवार का इलाज कराने दिल्ली के एक हॉस्पिटल गये थे। वहां सुरेश के दामाद आकाश गंगवार और उसका दोस्त हर्ष निवासी फतेहगंज पश्चिमी भी पहुंचा था। इसके बाद आकाश, हर्ष और उनके साथी देवेश को गुरुग्राम हरियाणा के सेक्टर 29 स्थित एक क्लब में ले गए। क्लब में पैसों के लेनदेन और बिल को लेकर इन लोगों का देवेश के साथ मारपीट हुई। आरोपी देवेश से 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे, जिसकी शिकायत देवेश ने 30 जून को गुरुग्राम के डीएलएफ सेक्टर 29 थाने में दर्ज कराई थी। एक जुलाई को सुबह करीब नौ बजे सिधौली चौराहे पर आकाश अपने साथियों-हर्ष, विपिन, कप्तान, सचिन, धर्मेंद्र, भारत और उदयवीर के साथ देवेश से मिला और पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उसी दिन दोपहर में ये सभी आठ लोग ग्राम बिचरा बालकिशनपुर में भारत के झाले पर इकट्ठा हुए थे और शराब भी पी। वहां जब आरोपी विपिन अपने अवैध तमंचे को चेक कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई और सीधे हर्ष के कंधे में जा लगी। घायल हर्ष को इलाज के लिए बरेली के सुभाषनगर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने इसे देवेश से बदला लेने की योजना बनाई और देवेश को जेल भिजवाने के उद्देश्य से अलीगंज थाने में देवेश के खिलाफ गोली मारने का झूठा प्रार्थना पत्र दे दिया। थाना अलीगंज पुलिस ने जब मामले की से जांच की तो घटनास्थल और साक्ष्यों के आधार पर पूरी कहानी झूठी निकली। सच सामने आने के बाद पीड़ित देवेश गंगवार की तहरीर पर पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। पुलिस टीम ने ग्राम बिचरा बालकिशनपुर झाले के पास से घेराबंदी कर अभियुक्त विपिन, कप्तान, सचिन, धर्मेंद्र, भारत और उदयवीर की को गिरफ्तार कर लिया। उनसे दो तंमचा और कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह, उपनिरीक्षक हरिमुख सिंह, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह, कैलाश, कांस्टेबल विपिन कुमार, मोनू कुमार शामिल रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *