फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर टोल प्लाजा पर तेज रफ्तार कैंटर आगे जा रहे ट्रक में घुस गया। हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक और कैंटर को कब्जे में लिया है। कैंटर चालक को नींद की झपकी आने की वजह से हादसा बताया जा रहा है। फतेहगंज पूर्वी के राजकुमार (45) कैंटर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे वह फरीदपुर से परचून का सामान लेकर बरेली होते हुए हल्द्वानी जा रहे थे। इसी दौरान फरीदपुर टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए। सामने चल रहे वाहन के अचानक रुकने से तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित हो गया और ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर के परखच्चे उड़ गए और राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक राजकुमार के बेटे रवि पाल ने जिला अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के करीब आधे घंटे के भीतर पिता को अस्पताल पहुंचा दिया गया था लेकिन अस्पताल प्रशासन ने समय रहते गंभीरता नही दिखाई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ शिकायत करने की बात कही है।।
बरेली से कपिल यादव
