शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र मे शादीशुदा प्रेमिका ने प्रेमी से बात करना बंद किया तो वह बौखला गया। उसने तड़के प्रेमिका के घर जाकर उस पर एसिड फेंक दिया। घटना मे प्रेमिका के पति व बच्चों समेत चार लोग घायल हुए है। पुलिस ने प्रेमिका के शिकायती पत्र पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शेरगढ़ से जिला अस्पताल बरेली रेफर किया गया है। यह हादसा शेरगढ़ कस्बा के एक मोहल्ले मे हुआ जब दंपती अपने दो मासूम बेटों के साथ बरामदे मे चारपाई पर सो रहे थे। वे एक मच्छरदानी लगाकर सोए हुए थे। जिस पर हमलावर ने तेजाब फेंका। तेजाब के कारण मच्छरदानी भी जल गई और परिवार के चारों सदस्य झुलस गए। पीड़ित के चाचा ने बताया कि भतीजे की पत्नी के उमेश कश्यप नाम के युवक से अवैध संबंध थे। परिजनों ने विवाहिता को उससे दूर रहने को कहा था। जिसके बाद वह मायके चली गई थी। करीब ढाई महीने बाद वह एक सप्ताह पहले ही ससुराल लौटी थी। चाचा के अनुसार, जब विवाहिता ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी तो उमेश कश्यप ने छत के रास्ते आकर तेजाब फेंक दिया। सूचना मिलने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पीड़ितों को अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर उमेश कश्यप के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो उसकी तलाश में जुटी है।।
बरेली से कपिल यादव
