डीएलएड छात्रा की गला घोंटकर हत्या, खेत मे फेंका शव, एआई की मदद से हुई पहचान, दुष्कर्म की आशंका

सीबीगंज, बरेली। डीएलएड छात्रा की गला घोंटकर हत्या करके उसका शव सीबीगंज थाना क्षेत्र मे बड़ा बाईपास किनारे खेत मे फेंक दिया गया। वह शुक्रवार दोपहर से लापता थी और थाना फरीदपुर मे गुमशुदगी दर्ज थी। एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। चार संदिग्धों की पुलिस तलाश कर रही है। सीबीगंज क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब दो बजे बड़ा बाईपास किनारे एक खेत में कॉलेज ड्रेस पहनी हुई छात्रा का शव बरामद हुआ। फंदे से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी और मुंह से भी खून निकल रहा था। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। छात्रा के घुटनों व कोहनी पर चोटों के निशान मिलने से शारीरिक दुर्व्यवहार की भी आशंका जताई जा रही है। रात करीब नौ बजे छात्रा की शिनाख्त शीशगढ़ के गांव मानपुर की 23 वर्षीय नीतू गंगवार पुत्री सोमपाल गंगवार के रूप मे हुई। वह बहेड़ी के दर्शन सिंह कॉलेज से डीएलएड की पढ़ाई कर रही थी। 4 दिन से इज्जतनगर के आलोकनगर निवासी मौसा प्रेम शंकर के घर पर रहकर फरीदपुर के छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज में पेपर दे रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे वह पेपर देने फरीदपुर गई, फिर वापस घर नहीं लौटी थी। डीएलएड की छात्रा की हत्या के मामले में चार युवक संदेह के घेरे में हैं। छात्रा के परिजन ने भी इन पर शक जताया है। एसएसपी ने दोनों एसओजी, सर्विलांस और सीबीगंज थाने की चार टीमों को पूरे मामले के खुलासे के लिए लगाया है। परिजन ने पुलिस को बताया कि 14 मई को एक बाइक सवार युवक नीतू को उसके मौसा के घर तक छोड़ने गया था। उसके समेत चार युवकों पर परिजन ने संदेह जताया है। चारों युवकों से नीतू की बातचीत होना सामने आया है। नीतू का शव बरामद हुआ तो उसके मुंह से खून बह रहा था और चेहरा भी सूजा हुआ था, जिसकी वजह से पहचान में दिक्कत हो रही थी। इस पर पुलिस ने एआई की मदद लेकर फोटो को सही कराने के बाद विभिन्न व्हाट्स ग्रुपों और सभी थानों को भेजा गया। इसके कुछ ही देर में उसकी शिनाख्त हो गई और परिवार वाले पुलिस के संपर्क में आ गए। छात्रा के घुटने-कोहनी पर चोट के निशान हैं। हथेलियों में मिट्टी और घास नोची हुई मिली है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी खेत में छात्रा की हत्या की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *