प्रसव के बाद महिला की मौत, प्राईवेट अस्पताल सील, परिजनों ने किया हंगामा

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के न्यू लाइफ लाइन हॉस्पिटल मे रविवार को प्रसव के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। दूसरे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन सोमवार सुबह न्यू लाइफ लाइन हॉस्पिटल पहुंचे तो वह बंद मिला। परिजनों ने हंगामा करते हुए चिकित्सक पर ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। गांव ठिरिया खेतल निवासी रामप्रकाश ने बताया कि उनकी पत्नी राजकुमारी (30 वर्ष) को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। उनको भिटौरा स्टेशन रोड पर रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित न्यू लाइफ लाइन हॉस्पिटल में सुबह 10 बजे भर्ती कराया गया। सामान्य प्रसव नही होने पर दोपहर एक बजे ऑपरेशन शुरू किया गया। दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद बेटे का जन्म हुआ। इस दौरान प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि चिकित्सक ने परिजनों को यह जानकारी नही दी। देर होने पर परिजन जबरन ऑपरेशन कक्ष मे घुस गए। वहां प्रसूता बेसुध मिली। परिजन प्रसूता को शाम चार बजे एंबुलेंस से बरेली के अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को रात मे घर ले आए। सोमवार की सुबह न्यू लाइफ लाइन हॉस्पिटल पहुंचे। रामप्रकाश ने बताया कि घटना के बाद से ही अस्पताल पर ताला लगा है। सोमवार को भी वह बंद मिला। परिजनों ने अस्पताल के बाहर ही हंगामा किया। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल पर चिकित्सा प्रतिबंध का नोटिस चस्पा : खिरका सीएचसी प्रभारी संचित शर्मा ने बताया कि जांच के लिए अस्पताल गए थे। गेट बंद होने के कारण अग्रिम आदेश तक चिकित्सा प्रतिबंध का नोटिस चस्पा किया है। अस्पताल पंजीकृत है। अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *