नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे नाला निर्माण के दौरान दो दुकानें भरभरा कर गिर गईं। दुकान स्वामी परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया। गुस्साए लोगों ने वहां हंगामा कर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम और सीओ पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। ठेकेदार से दुकानों का निर्माण कराने और क्षतिग्रस्त सामान को दिलाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। बिथरी मार्ग पर पालिका परिषद की ओर से 19 लाख रुपए की लागत से शब्बीर अहमद के सेलर से गेंदनलाल के मकान तक 205 मीटर लम्बे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका ठेका श्री राधा बल्लभ कंस्ट्रक्शन को दिया गया है। ठेकेदार सुनील शर्मा ने निर्माण का जिम्मा दो पेटीदारों को दे दिया है। पेटीदारों ने एक सप्ताह पूर्व जेसीबी से नाला खुदवा दिया था। शनिवार को वहां निर्माण शुरू किया गया था। एक सप्ताह से खुदे नाले मे रिसाव से नाले के किनारे की दुकान चलाने वाले मोहल्ला प्रभात नगर निवासी रिंकू शर्मा की दो दुकानें शनिवार को गिर गईं। दुकाने के बंद होने से बड़ा हादसा टल गया। लोगों ने नगरपालिका परिषद के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा नवाबगंज बिथरी मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम उदित पवार और सीओ गौरव सिंह को मिली तो वह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह दुकानों के निर्माण और क्षतिग्रस्त मशीनों को सही कराने की मांग कर रहे थे। इस दौरान पेटीदार को भी ग्रामीणों ने दौड़ा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने नाला खोदने के बाद नाले से निकाली गयी मिट्टी को बेंच डाली। नगर पालिका परिषद के कैलाश यादव ने बताया कि नाला खोदने के दौरान दुकान गिरने की जानकारी मिली है। ठेकेदार और दुकान स्वामी के बीच समझौता हो गया है। नाला खोदने के बाद सड़क पर मिट्टी डालने की जगह न होने पर मिट्टी को वहां से हटवा दिया गया था। नाले का निर्माण पूरा होने के बाद मिट्टी को मंगवाकर नाले की दीवारों में डलवाया जाएगा। नवाबगंज अध्यक्ष प्रेमलता राठौर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। दुकानदार का जो भी नुकसान हुआ है उसकी ठेकेदार भरपाई करेगा।।
बरेली से कपिल यादव
