धार्मिक स्थल हटाने को लेकर कहासुनी, पुलिस ने मामले को कराया शांत

बरेली। सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा चौराहे के पास उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब नगर निगम की मानचित्रकार टीम रविंद्र कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। गुरुवार को टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिए धार्मिक स्थल के पास पहुंचते ही विवाद खड़ा हो गया। सूद धर्मकांटा चौक स्थित दो धार्मिक स्थल आमने सामने आ रहे हैं। दोनों धार्मिक स्थलों पर नगर निगम लाल निशान लगा चुका है। एक साइड मंदिर परिसर के पास एक विशाल हनुमान जी की मूर्ति स्थापित है। टीम द्वारा इसे हटाने की बात कहे जाने पर मंदिर से जुड़े धीरज पांडे ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान मंदिर का कुछ हिस्सा पहले ही हटाया जा चुका है और अब केवल प्रतिमा शेष है, जिसे धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्राण-प्रतिष्ठा के बाद ही स्थानांतरित किया जा सकता है। उनका आरोप है कि नगर निगम के मानचित्रकार रविंद्र कुमार ने मौके पर मौजूद लोगों को मूर्ति तुरंत हटाने या कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी। वो मूर्ति हटाने के लिए जोर देते रहे। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई, जिसके बाद टीम बिना कार्रवाई किए मौके से लौट गई। इस मामले में मानचित्रकार रविंद्र कुमार का कहना है कि हमसे जैसा कहा गया वो किया है। अतिक्रमण हटाना है इसलिए सख्ती दिखाई है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान धार्मिक स्थल से जुड़ी मूर्ति हटाने को लेकर हुए विवाद और कहासुनी के बीच स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *