तस्कर की कोठी बचाने को दी गलत रिपोर्ट, लेखपाल सस्पेंड, कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट

फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव मोहनपुर के स्मैक तस्कर महताब की कोठी को बचाने को लेखपाल ने एसडीएम को गलत रिपोर्ट देकर भ्रमित किया। शक पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार से जांच कराई। इसके बाद तस्कर की कोठी सरकारी जमीन मे बनी पाई गई। गलत रिपोर्ट देकर अधिकारियों को गुमराह करने में लेखपाल को सस्पेंड कर दिया है। वही राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई को एसडीएम ने डीएम को रिपोर्ट सौंपी है। मोहनपुर गांव के स्मैक तस्कर महताब को मीरगंज पुलिस ने 36 लाख की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जब जानकारी जुटाई तो पता चला कि महताब तस्करी मे कई बार जेल जा चुका है। उसके भाई शब्बू को दिल्ली पुलिस ने 27 किलोग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था। कई साल दिल्ली की तिहाड़ जेल मे बंद रहने के बाद शब्बू छूटकर घर आया। इसके बाद उसने तस्करी शुरू की। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने तस्करों की प्रॉपर्टी का ब्योरा जुटाने की जिम्मेदारी फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम को दी। पुलिस के मुताबिक 20 साल पहले महताब के पिता नवाब खां के नाम गांव में केवल चार बीघा जमीन थी। 10 साल पहले गांव मे करोड़ों रुपये की कोठी बनाई। मोहनपुर मे 300 बीघा जमीन खरीदी। फतेहगंज पूर्वी के शिवपुरी गांव मे 50 बीघा जमीन पाई गई। फरीदपुर के मोहल्ला मिर्धान मे मकान एवं 2000 वर्ग गज का प्लाट प्राइम लोकेशन पर पाया गया है। बदायूं के बिनावर के फरीदापुर गांव मे महताब, उसकी पत्नी व बेटों के नाम 50 बीघा जमीन पाई गई। दिल्ली और नोएडा में कई कोठिया हैं। जबकि बरेली के फाइव एनक्लेव में करोड़ों की लागत की दो कोठियां मिली है। इसके बाद जानकारी मिली कि महताब की कोठी सरकारी जमीन में बनी है। एसडीएम ने उसकी प्रॉपर्टी चिन्हित कर कानूनगो की मौजूदगी मे लेखपाल प्राची शर्मा को कोठी की पैमाइश करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। 11 मई को लेखपाल प्राची शर्मा ने सरकारी जमीन पर तस्कर का कोई कब्जा न होने की रिपोर्ट दी। एसडीएम को उनकी रिपोर्ट पर शक हुआ तो नायब तहसीलदार शुभम पांडे को राजस्व टीम के साथ पैमाइश करने का आदेश दिया। 29 मई को नायब तहसीलदार शुभम पांडे ने पैमाइश की। इसके बाद महताब की कोठी सरकारी जमीन में बनी मिली। जबकि शमशान भूमि की जमीन पर उसका कब्जा मिला। नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के बाद एसडीएम रामजन्म यादव ने शनिवार को लेखपाल प्राची शर्मा को सस्पेंड कर दिया। जबकि कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट भेजी। एसडीएम ने बताया की लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है। कानूनगो के खिलाफ डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *