टाइल्स लगाने के दौरान रेकी करके चोरी करने वाले पंखिया गैंग का सदस्य गिरफ्तार

बरेली। जनपद के थाना कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंखिया गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1.82 लाख रुपये की नकदी और तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी ने चोरी की पांच वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसके चार साथी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर कैंट संजय धीर ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली कि एपेक्स हॉस्पिटल से करेली जाने वाले मार्ग पर कुछ लोग चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मिलक निवासी सलमान को गिरफ्तार कर लिया। उसने रामेश्वर धाम कॉलोनी, चौबारी गांव और बालाजी धाम कॉलोनी में चोरी की पांच वारदातें करने की बात स्वीकार की है। सलमान ने पूछताछ में बताया कि उनका गिरोह बरेली, पीलीभीत और महाराजगंज समेत कई जिलों में सक्रिय रहा है। गिरोह बंद मकानों को निशाना बनाता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और उसके गिरोह के सदस्य टाइल्स लगाने का काम करते हैं। काम के दौरान वह ऐसे मकानों की रेकी करते थे जहां नकदी और कीमती सामान होने की संभावना होती थी। इसके बाद वह अपने साथियों अफरीद, मुजाहिद, कादिम रसूल और अमीर खां उर्फ मारुती के साथ चोरी करता था। उसने कबूल किया कि बरामद 1.82 लाख रुपये चोरी के माल की बिक्री से मिले थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सलमान के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत भी प्राथमिकी दर्ज की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *