बरेली। जनपद गौतमबुद्धनगर के निवासी और बरेली मे किराये पर रहकर फार्मा संबंधी प्रशिक्षण ले रहे युवक दीपक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मौत से पहले दीपक ने एक वीडियो बनाया। जिसमें उसने दो युवतियों समेत तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। दीपक के भाई की शिकायत पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौतमबुद्धनगर के सोरखा गांव निवासी राहुल कुमार ने प्रेमनगर थाने जाकर एएसपी अंजना दहिया को बताया कि उनका भाई दीपक (32) बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र मे किराये पर रहता था। उन्हें स्थानीय लोगों से दीपक की आत्महत्या के बारे में जानकारी मिली। घटनास्थल से मिले दीपक के मोबाइल फोन मे एक वीडियो मिला। इस वीडियो मे दीपक ने सुमित और दो युवतियों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। दीपक ने वीडियो मे कहा कि इन लोगों की मानसिक प्रताड़ना के कारण वह यह कदम उठा रहा है। पुलिस ने राहुल कुमार की ओर से सुमित, काजल और शिवानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उपनिरीक्षक राम रतन सिंह को इस मामले की जांच सौंपी गई है। तीनों आरोपी बरेली के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम में ब्रेन हेमरेज जैसी स्थिति मिली है। पोस्टमॉर्टम हाउस पर मिले राहुल ने बताया कि उन्हें पता लगा है कि नामजद युवतियों मे से एक से दीपक का प्रेम प्रसंग था। वह दीपक के साथ सहमति संबंध मे रहती थी। तीन दिन पहले ही दीपक ने अपना किराये का कमरा बदला था। उन्हें जानकारी मिली है कि दीपक की प्रेमिका के अन्य लोगों से भी संबंध थे। इस वजह से दीपक और उसकी प्रेमिका के बीच विवाद हुआ था। राहुल ने संदेह जताया कि दीपक की मौत के पीछे कोई साजिश हो सकती है। बताया कि दीपक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।।
बरेली से कपिल यादव
