अगले माह नया बस अड्डा व आरटीओ कार्यालय होगा शुरू, जाम से मिलेगी राहत

बरेली। अगले महीने शहरवासियों को नए बस अड्डे व आरटीओ कार्यालय की सौगात मिलने की उम्मीद है। दोनों का निर्माण पूरा हो चुका है। बस अड्डा शुरू होने से पुराने बस अड्डे के पास लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। इज्जतनगर मे रोडवेज के नए बस अड्डे के निर्माण के लिए 6 साल पहले केंद्रीय कारागार की जमीन पर परिवहन निगम को हस्तांतरित की गई थी। शासन से उसी वित्तीय वर्ष में 16.72 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी थी। जिसके बाद कई किस्तों में पैसा जारी होने के बाद अब बस अड्डे का निर्माण पूरा हो सका है। इज्ज्तनगर क्षेत्र के मिनी बाईपास पर बनाए गए बस अड्डे में सभी काम पूरा हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश होने के बाद मिट्टी का जो भराव है, वह बैठने के बाद ही टाइल्स लगाने का काम किया जाएगा। उम्मीद है कि जुलाई के अंत तक नए बस अड्डे से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। एआरएम अरुण कुमार वाजपेयी ने बताया कि बस अड्डे का काम पूरा हो गया है। जल्द ही हैंडओवर होने के बाद बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा। नए बस अड्डे से दिल्ली, हरिद्वार, देहरादून और हल्द्वानी रूट की बड़ी संख्या में बसों का संचालन किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद 450 से अधिक बसों का दबाव पुराने रोडवेज बस अड्डे से कम हो जाएगा, जिससे शहर के अंदर लगने वाले ट्रैफिक जाम में भी काफी राहत मिलेगी। बस अड्डे की मुख्य विशेषताएं हाई-टेक टर्मिनस, यात्रियों के बैठने के लिए आधुनिक व्यवस्था, और डिपो परिसर में अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। बस अड्डे से बसें निकलने के बाद इज्ज्तनगर स्टेशन की तरफ को जाएंगी। जिससे वहां पर जाम के हालात बन सकते हैं। स्टेशन की तरफ मुड़ने वाले तिराहे पर जगह कम होने के अलावा ट्रैफिक लाइट की वजह से जाम लगा रहता है। ऐसे में जब अगले माह से बसों का संचालन होने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा, तब जाम के हालात बन सकते है। परसाखेड़ा में आरटीओ कार्यालय तैयार, सेवाएं एक ही छत के मिलेंगी : सीबीगंज। परसाखेड़ा क्षेत्र मे 16 करोड़ रुपये की लागत से बना नया संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) अब पूरी तरह से तैयार हो गया है। अभी तक कार्यालय नकटिया में किराये के भवन में चल रहा है, लेकिन अब इस नए अत्याधुनिक कार्यालय के शुरू होने से वाहन चालकों और आवेदकों को अब एक ही स्थान पर सभी परिवहन सेवाओं का लाभ मिलेगा। नए डबल-स्टोरी भवन में डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, आरटीओ प्रशासन, आरटीओ प्रवर्तन और एआरटीओ सहित सभी प्रमुख अधिकारियों के कार्यालय एक ही परिसर में स्थापित किए गए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *