राजस्थान/बाड़मेर-, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों तथा जिले में संचालित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पंच गौरव में शामिल प्रसिद्ध नाकोड़ा तीर्थ स्थल पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय आयोजन के साथ-साथ ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक लोगों को योग से जोड़ने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का जनआंदोलन है। इसलिए सभी विभाग अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार कर आमजन, युवाओं, महिलाओं तथा विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में गठित निरीक्षण दलों द्वारा शिविरों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित विभाग तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में सभी विभागीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा योजनाओं से संबंधित संपूर्ण जानकारी के साथ आमजन को लाभान्वित करें। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को उपखंड अधिकारी को पूर्व सूचना दिए बिना अनुपस्थित नहीं रहने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों को लक्ष्य आधारित कार्य करने के निर्देश देते हुए एडीएम चौहान ने कहा कि पशुपालन विभाग प्रत्येक शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पॉलिसियों का वितरण सुनिश्चित करे तथा कृषि विभाग पात्र किसानों को मिनी किट उपलब्ध करवाए। शिक्षा विभाग पालनहार योजना के पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत सत्यापन कर पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने की कार्यवाही करे। उन्होंने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में न्यूनतम 21 पात्र लाभार्थियों के रियायती यात्रा पास बनाए जाएं। वहीं श्रम विभाग को प्रत्येक शिविर में कम से कम पांच टूल किट वितरित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक शिविर से न्यूनतम 10 मिट्टी के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए जोधपुर प्रयोगशाला भेजे जाएं तथा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराए जाएं, जिससे वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें तथा शिविरों में आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।अधिकारियों ने सेवा शिविरों एवं योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति का आश्वासन दिया।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, नगर परिषद आयुक्त जय प्रकाश डऊकिया, जिला रसद अधिकारी हजारीलाल आलोरिया, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वाकाराम चौधरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत, आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक नेमसिंह राजपुरोहित समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
