बरेली। जनपद की थाना कैंट क्षेत्र के चौबारी गांव मे डेयरी संचालक के घर में घुसकर चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चौबारी निवासी मुनेंद्र पाल सिंह संपन्न किसान है। वह खेती के साथ ही डेयरी का कार्य भी करते हैं। शुक्रवार रात 12 बजे के बाद वे सभी लोग सोने चले गए। परिवार के कुछ सदस्य छत पर, कुछ आंगन में सो रहे थे। एक कमरे में बेटा-बहू सो रहे थे। रात में किसी वक्त चोर उनके घर में घुस आए और बेटे-बहू के कमरे की कुंडी बाहर से लगाने के बाद उसके बराबर वाले कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब आठ तोला सोने के जेवरात और 3.5 लाख की नकदी चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह उन लोगों को चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर का कहना है कि मुनेंद्र के परिवार के लोग छत, आंगन और कमरे में सो रहे थे। ऐसे में चोर घर में घुसे और किसी को भनक नहीं लगी, इसको लेकर कुछ संदेह है। उनका मकान भी काफी ऊंचाई पर है, जिससे किसी व्यक्ति का आसानी से छत पर चढ़ना संभव नहीं है। रिपोर्ट दर्ज करके सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
