दुल्हन भागी तो बहन से फेरे का करार, उसका भी निकला अफेयर तो चली लाठियां

बिथरी, बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक बारातघर मे शनिवार को ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ कि खुशियों का माहौल देखते ही देखते रणक्षेत्र मे बदल गया। निकाह से पहले दुल्हन प्रेमी संग फरार हो गई। इसके बाद दोनों परिवारों ने इज्जत बचाने के लिए छोटी बहन से निकाह कराने की सहमति बना ली लेकिन ऐन मौके पर उसका भी प्रेम प्रसंग सामने आ गया। यह सुनते ही दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडे और ईट-पत्थर चलने से तीन लोग घायल हो गए। जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती का रिश्ता पास के गांव के युवक से तय हुआ था। शनिवार को नरियावल के बारातघर मे निकाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच शुक्रवार रात दुल्हन सारे जेवर लेकर प्रेमी के संग फरार हो गई। इस घटना से हड़कंप मच गया और बात दूल्हा पक्ष तक पहुंची। दोनों पक्षों में घंटों पंचायत चली। रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने मामला संभालने की कोशिश की। काफी मान-मनौव्वल के बाद तय समय पर दुल्हन की छोटी बहन से निकाह कराने की बात तय हो गई। बताया जाता है कि शनिवार को तय समय पर बारात नरियावल स्थित बारातघर में पहुंच गई। निकाह की रस्म शुरू होने से पहले किसी ने दूल्हा पक्ष को बता दिया कि छोटी बहन का भी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह भी शादी नही करना चाहती। यह बात सामने आते ही माहौल गरमा गया। दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और ईट-पत्थर चले। इस दौरान शादी मे शामिल होने पहुंची दुल्हन की चचेरी बहन, उसका देवर और एक अन्य मारपीट मे घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति के सिर और शरीर में कई जगह चोटें लगने के कारण हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बवाल की सूचना पर बिथरी चैनपुर एसओ राजेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। इस दौरान अधिकांश लोग भाग निकले। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत मे लिया है। हंगामे और मारपीट के बाद शादी रद्द हो गई और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *