बरेली। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) की परीक्षा में मेधावियों की चमक से जिला रोशन हो गया। सीआईएससीई ने वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं (आईसीएसई) और 12वीं (आईएससी) परीक्षाओं के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया। 10वीं में 891 व 12वीं में कुल 709 विद्यार्थियों ने इस बार बोर्ड परीक्षा दी थी। झोली भरकर मिले अंकों से विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिले दिखे। बरेली में 10वीं में सेंट मारिया गोरेटी इंटर कॉलेज की प्राजना पाराशर ने 99.60% के साथ बरेली मंडल में टॉप किया। 12वीं में भी इसी विद्यालय की आर्या शाही ने 97.25% अंक प्राप्त कर बरेली मंडल में दूसरा व जिले में पहला स्थान बहेड़ी के असीसी कांवेंट स्कूल आयमन निशांत के साथ संयुक्त रूप में प्राप्त किया है। रिजल्ट घोषित होने के बाद सफल छात्रों ने स्कूलों से लेकर घरों तक जश्न मनाया। छात्रों ने इन पलों को अपने मोबाइल में कैद दिया। विद्यालयों में जमकर खुशी मनाने के साथ इस पल को सभी ने सोशल मीडिया पर भी साझा किया। अभिभावक और शिक्षक भी खुशी मे झूमते हुए नजर आए। हालांकि कुछ छात्र मूल्यांकन से निराश दिखे। छात्रों का कहना था कि यदि मूल्यांकन में थोड़ी और सतर्कता बरती जाती तो उनका अंक प्रतिशत और भी बेहतर हो जाता। सीआईएससीई के परीक्षा परिणाम मे छात्रों को झोली भर-भर कर अंक मिले। स्कूलों में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या खूब रही। छात्रों ने कहा कि परिणाम अच्छा रहा। वही आईसीएसई के हाईस्कूल और आईएससी की इंटरमीडिएट की परीक्षा में सेंट मरिया गोरेटी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस बार विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में प्राजना पाराशरी ने 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया। शिफा खान 98.2 प्रतिशत के साथ स्कूल में द्वितीय तथा अनुमित्रा सिंह 97.4 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं इंटरमीडिएट में आर्या साही ने 97.25 प्रतिशत अंक के साथ पहला और मंडल में दूसरा स्थान प्राप्त किया। हरनीत कौर 96.5% के साथ स्कूल द्वितीय तथा सामया अंसारी व सामया इरफान 95.75% अंक के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। प्रधानाचार्य सिस्टर जीनिया डीसूजा ने सभी छात्राओं को बधाई दी। गिरीश प्रसाद मेमोरियल कॉलेज ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। 10वीं की छात्रा इफरा कुलसुम ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विद्यालय में प्रथम स्थान पर रहीं। 12वीं में पीसीएम वर्ग के हर्षित ने 95.25 प्रतिशत, कॉमर्स के सूर्यांश ने 93.25 प्रतिशत, पीसीबी की इतरत फातिमा ने 93.25 प्रतिशत तथा ह्यूमैनिटीज की वंशिका ने 94.25 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य सीमा कपूर ने सभी को बधाई दी।।
बरेली से कपिल यादव
