फरीदपुर, बरेली। जनपद थाना फरीदपुर क्षेत्र मे सहकर्मी ने युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद शादी करने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर युवती को रास्ते मे घेर कर मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया। युवती की तहरीर पर दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना भुता के एक गांव की रहने वाली युवती फरीदपुर मे किराये के मकान मे रहकर टोल प्लाजा पर काम करती थी। उसके साथ फतेहगंज पूर्वी के तरा खास गांव का अभिषेक शुक्ला भी काम कर रहा था। अभिषेक शुक्ला ने युवती को शादी का झांसा देकर प्रेमजाल मे फंसा लिया। इसके बाद उसने कमरे पर जाकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाएं। युवती गर्भवती हो गई और शादी की जिद करने लगी। आरोप है 27 मई को अभिषेक युवती को भोजीपुरा के एक अस्पताल ले गया। जहां उसने गर्भपात करा दिया। युवती अस्पताल से छूटकर फरीदपुर पहुंची। उसने विरोध करते हुए पुलिस मे शिकायत करने की धमकी दी। आरोप है जिसके बाद अभिषेक दुश्मनी मानने लगा। रविवार को युवती काम पर जा रही थी। आरोप है अभिषेक और उसके साथी कमलेश ने युवती को घेर लिया। उन्होंने युवती के साथ मारपीट करते हुए उसका मोबाइल छीन लिया और फोटो डिलीट कर दिए। युवती की तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक और उसके दोस्त कमलेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
