बरेली। लखनऊ में हुए हादसे के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर बीडीए और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए), आवास विकास परिषद, अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने तीसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के तहत डोहरा रोड, राजेंद्र नगर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवनों के मानचित्र, फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरणों, इमरजेंसी एग्जिट और बेसमेंट के उपयोग की स्थिति का परीक्षण किया। कई स्थानों पर बेसमेंट में नियमों के विपरीत व्यवसायिक गतिविधियां संचालित होती मिली। जिस पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए। कुछ प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई भी की गई। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय की अगुवाई में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन भवनों में नियमों की अनदेखी मिलेगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वही फतेहगंज पश्चिमी में भी एसडीएम मीरगंज ने स्थानीय पुलिस के साथ कोचिंग सेंटर व लाइब्रेरी मे भी सर्च अभियान चलाया। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने कहा कि छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सीलिंग और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।।
बरेली से कपिल यादव
