बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को बरेली स्थित पार्टी कार्यालय पर उत्साह के साथ मनाया गया। 1 से 7 जुलाई तक चलाए जा रहे “पीडीए पेड़ लगाओ, सदस्य बनाओ” अभियान का शुभारंभ भी इसी अवसर पर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई। इसके बाद पार्टी कार्यालय के बाहर लोहिया द्वार पर राहगीरों को शरबत पिलाने के लिए शिविर लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव जिंदाबाद और 2027 में समाजवादी सरकार के नारे लगाए तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शुभलेश यादव ने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया जबकि महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने 54वीं यूनिट रक्तदान कर शिविर का समापन किया। कुल 54 युवाओं ने रक्तदान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 100 पौधे भी लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि “PDA पेड़ लगाओ, सदस्य बनाओ” अभियान के तहत हर विधानसभा, गांव और मोहल्ले में पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि अखिलेश यादव का जन्मदिन जनसेवा का संकल्प दिवस है। प्रदेश महासचिव एवं विधायक अताउर रहमान, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार, पूर्व विधायक सुल्तान बेग और विजयपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को हर बूथ तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम मे पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। वही रक्तदान शिविर में भी बड़ी संख्या मे युवाओं ने भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।।
बरेली से कपिल यादव
