नवाबगंज, बरेली। डीएम की अध्यक्षता मे हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस मे शिकायत का फर्जी निस्तारण करने का मामला सामने आने के बाद डीएम ने जांच कराई तो मामला सही निकला। कुल 281 शिकायतें दर्ज हुई। सबसे अधिक शिकायतें चक मार्ग पर अवैध कब्जों की आई। सुबह 11 बजे सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे डीएम अविनाश सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान अधिवक्ता उपेन्द्र पाल सिंह ने शिकायत दर्ज करायी। बताया कि 7 फरवरी को डीएम की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस में पिपरा- लाईखेड़ा सम्पर्क मार्ग की खराब हालत की शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत का विभाग ने फर्जी निस्तारण कर दिया। जबकि सड़क की हालत जस की तस है। डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को पीडब्लूडी के जेई व शिकायतकर्ता के साथ भेजा तो शिकायत सही पाई गई।डीएम ने पीडब्लूडी के जेई की जमकर फटकार लगाने के बाद नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किए। पूर्व प्रधान सूरज पाल यादव ने गांव स्थित भूमि पर किए पट्टों को तहसील कर्मियों से साठगांठ कर आगे बढाने की शिकायत की। उन्होंने एसडीएम निधि शुक्ला को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए। इसमें एसपी नार्थ मुकेशचन्द्र सीएमओ डा. विश्राम सिंह, एसडीएम निधि शुक्ला आदि अधिकारी मौजूद रहे। वही देवरनिया गांव की भजन लाल की बेटी हर्षिता के दिल मे छेद है। डीएम अविनाश सिंह की पहल के बाद शासन से डेढ लाख रुपए की मदद मिलने के बाद उसका सफल इलाज हो सका है। शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस मे पहुचे डीएम को छात्रा ने खुद से बनाया चित्र और पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका आभार व्यक्त किया।।
बरेली से कपिल यादव
