मीरगंज, बरेली। अखिल भारतीय धनगर महासंघ के तत्वावधान में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती रविवार को बरेली जनपद के मीरगंज मे श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित बाइक रैली और सम्मान समारोह मे धनगर समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर लोकमाता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। शुभारंभ मढ़ी सत्याना रामलीला मेला ग्राउंड से हुआ। जहां से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मढ़ी सत्याना पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के उपरांत प्रकाश मंडल में एक विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके उत्कृष्ट प्रशासन, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों तथा राष्ट्र और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने लोकमाता के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज एवं राष्ट्र के विकास मे महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा तथा ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, वीरेन्द्र गंगवार उर्फ़ वीरू ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संयोजक ओमपाल धनगर ने किया जबकि आयोजन की जिम्मेदारी कृष्णपाल धनगर ने संभाली। इस अवसर पर राजेंद्र धनगर, केशव धनगर, सुमित धनगर, बुलाकी राम धनगर, नरोत्तम धनगर, सत्यपाल धनगर, मुकेश धनगर, अमन धनगर, चंद्रपाल, नत्थू लाल, विजय, विशाल, अजय धनगर, सत्येंद्र धनगर, आर्यन धनगर, विक्की, देवेश, बीडी धनगर, ओमपाल फौजी धनगर, वीरेंद्र, शिवम धनगर, हरीश पाल धनगर सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
