बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र मे राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित माधोपुर ओवरब्रिज पर सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जाम निवासी हिमांशु पुत्र प्रमोद अपनी बाइक से मीरगंज से बरेली की ओर जा रहा था। माधोपुर ओवरब्रिज पर पहुंचते ही उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। तेज गति से डिवाइडर से टकराने के बाद हिमांशु बाइक से उछलकर पुल के बीच बने गैप से नीचे जा गिरा। हादसे को देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए बरेली के अस्पताल भेजा गया। अस्पताल मे चिकित्सकों ने घायल हिमांशु की हालत चिंताजनक बताई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर थाने मे खड़ा करा दिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्था और संकेतकों को बेहतर बनाने की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव
