बरेली। जनपद मे हाल ही मे हुई बारिश के बाद अब गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। आने वाले दिनों में जिले का पारा और बढ़ने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है। अनुमान जताया जा रहा है कि अधिकतम पारा 45 डिग्री सेल्सियस सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की उम्मीद है। जिससे आने वाले दिनों में गर्मी से राहत नही मिलेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भीषण गर्मी की तपिश का असर मंगलवार को देखने को मिला जब दोपहर के समय शहर की व्यस्त सड़कें और मुख्य बाजार पूरी तरह सूने पड़ गए। लोग केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। धूप से बचने के लिए युवतियां अपने चेहरों को पूरी तरह ढककर सफर करती नजर आई। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दिनों बारिश के कारण हवा में नमी की मात्रा काफी बढ़ गई है। अब जैसे ही आसमान साफ हुआ है, तेज धूप के कारण वह नमी भारी उमस में बदल गई है। साफ आसमान के कारण गर्मी और तेज हो गई है। बताया कि आने वाले दिनों में पश्चिमी गर्म हवा यानी लू के सक्रिय होने की पूरी संभावना है, जो वातावरण को और गर्म कर देंगी और इसी वजह से आने वाले दिनों में लोगों को और भी गंभीर गर्मी का सामना करना पड़ेगा।।
बरेली से कपिल यादव
