बदायूं सांसद ने नीट पेपर लीक पर सरकार को घेरा, एकजुटता का किया आह्वान

आंवला, बरेली। बदायूं सांसद आदित्य यादव ने खनगांवा श्याम गांव मे मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में केंद्र सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। उन्होंने देश के भविष्य पर चिंता व्यक्त करते हुए नागरिकों से एकजुट होने का आह्वान किया। बदायूं सांसद आदित्य यादव ने नीट पेपर लीक मामले में सरकार से जिम्मेदारी तय करने को कहा। उन्होंने कांग्रेस सरकार का उदाहरण दिया, जहां मंत्री गलतियों पर इस्तीफा देते थे। सांसद ने आरोप लगाया कि युवा सवाल उठाते हैं तो उनको देशद्रोही बताया जाता है। उन्होंने डबल इंजन सरकार में डीएपी, यूरिया, तेल और एलपीजी की कमी का भी जिक्र किया। सांसद ने भाजपा सरकार पर स्कूली पाठ्यक्रम में इतिहास बदलने और युवाओं को जाति-धर्म में बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए की मजबूती से सपा देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी। 2027 में पीडीए की मजबूती से ही प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने पशुधन मंत्री पर आंवला को जिला बनाने और चीनी मिल लगवाने के वादे भूलने का आरोप लगाया। पूर्व विधायक आरके शर्मा ने कहा कि सपा आंवला विधानसभा सीट आपसी फूट के कारण हार रही है। उन्होंने सभी मंच पर उपस्थित लोगों से गंगा में खड़े होकर एकजुटता की कसम खाने को कहा। सहसवान विधायक बृजेश यादव और अन्य नेता भी इस अवसर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम मे तहसील क्षेत्र के 100 से ज्यादा मेधावियों को साइकिल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम आयोजक पं. राकेश गौड़ व राजेश गौड़ ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पीयूष वर्मा, सिंपल कनौजिया, शिव चरण कश्यप, राकेश प्रजापति, अमित राज सिंह, संगीता पाल आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *