प्लॉट के नाम पर फर्जीवाड़ा कर ठगे 15 लाख रुपये, दोस्त ने भेजी एपीके फाइल खाते से उड़े 5.37 लाख

बरेली। फर्जी दस्तावेजों से प्लॉट का सौदा करके 15 लाख रुपये हड़प लिए गए। इस मामले में थाना बारादरी में चार आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। संतनगर निवासी राजेन्द्र सिंह ने पुलिस को बताया कि कटरा चांद खां के रिजवान ने प्रशांत गुप्ता व अभिषेक गुप्ता का प्लॉट सस्ते दाम पर दिलाने का झांसा दिया। उस समय पैसों की जरूरत बताकर 7 लाख रुपये में प्लॉट बेचने की बात तय की तो उन्होंने 6 लाख रुपये देकर इकरारनामा और फिर बैनामा करा लिया। सौदे के बाद आरोपियों ने सेकेंड हैंड कारों का व्यापार शुरू करने के नाम पर मुनाफे का झांसा देकर 8 लाख रुपये और ले लिए। बाद में सामने आया कि उन्होंने जिस जमीन का बैनामा कराया था, वह राजस्व अभिलेखों में सड़क के रूप में दर्ज है। उसी खसरा नंबर पर पहले भी फर्जी कागज बनाकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद उन्हें वही प्लॉट फिर बेच दिया। जब वह प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंचे तो वहां एक महिला ने खुद को असली मालिक बताया। उन्होंने आरोपियों से शिकायत की तो उन्होंने गलती मानते हुए रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में टालमटोल धमकी देने लगे। इस पर उन्होंने डीआईजी से शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोस्त ने भेजी एपीके फाइल खाते से उड़े 5.37 लाख : दोस्त द्वारा मोबाइल पर भेजी एपीके फाइल डाउनलोड होते ही एक व्यक्ति के खाते से 5.37 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वार्ड पांच ठिरिया निजावत खां निवासी मो. खालिद ने पुलिस को बताया कि 26 अप्रैल को उनके दोस्त मोहनपुर नकटिया निवासी प्रेमपाल ने आरटीओ चालान लिखी एपीके फाइल भेजी थी। उन्होंने जैसे ही उस फाइल पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की कैंट शाखा में खुले बैंक खाते से रकम कटनी शुरू हो गई। जब तक उन्होंने अपना अकाउंट फ्रीज कराया, उसमें से 5.37 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। इस पर उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *