पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, तीन हजार घरों में नही जले चूल्हे

बरेली। औद्योगिक क्षेत्र सीबीगंज मे एचडीडी मशीन से तेल कंपनी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे हुई घटना के बाद दोपहर ढाई बजे पीएनजी आपूर्ति बहाल हो सकी। बिना सूचना एवं अनुमति के हो रहे कार्य के कारण सीयूजीएल की गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से छह घंटे तीन हजार उपभोक्ताओं के घरों के चूल्हे नहीं जले। वहीं तमाम लोगों की दिनचर्या भी इस कारण प्रभावित हुई। सीयूजीएल के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे औद्योगिक क्षेत्र सीबीगंज में बिना अनुमति किए गए खोदाई कार्य के दौरान अंडरग्राउंड पीएनजी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण सीबीगंज, आनंद विहार कॉलोनी, स्वाले नगर, ग्रीन सिटी, कर्मचारी नगर, कृष्णा काउंटी, वसंत विहार, परतापुर क्षेत्र के तीन हजार उपभोक्ताओं की गैस सप्लाई दोपहर ढाई बजे तक प्रभावित रही। सूचना पर सीयूजीएल की आपातकालीन टीम ने मरम्मत कार्य किया। इसके बाद ढाई बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। सीयूजीएल के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की अनाधिकृत खोदाई अत्यंत जोखिमपूर्ण होती हैं और इससे गंभीर दुर्घटनाएं, आग भी लग सकती है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *