परसाखेड़ा के प्लाईवुड गोदाम मे लगी भीषण आग, सामान राख

सीबीगंज, बरेली। औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री के गोदाम मे शुक्रवार की देर रात भीषण आग लग गई। कुछ ही देर मे आग ने विकराल रूप ले लिया और दूर-दूर तक लपटें दिखने लगी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। सीबीगंज के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर चार पर श्लोक निमानी का प्लाईवुड का गोदाम है। शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे किसी तरह गोदाम मे आग लग गई। जब आग ने गोदाम को पूरी तरह चपेट मे ले लिया और बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगी तो वहां दहशत का माहौल बन गया। आग फैलने की आशंका में आसपास की फैक्ट्री और गोदामों के मालिक भी आशंकित हो गए। मोहित नाम के स्थानीय व्यक्ति ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी तो कुछ ही देर मे परसाखेड़ा और सिविल लाइंस फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। सीएफओ मनु शर्मा और एफएसओ संजीव यादव भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया गया। प्लाईवुड मे आग लगी होने के कारण दूर तक लपटें दिखाई दे रही थी। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान पानी लेने के लिए गाड़ियों को कई चक्कर लगाने पड़े। मगर शनिवार को सुबह तक गोदाम से धुआं उठता रहा। सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया। पानी लेने के लिए तीनो गाड़ियों को कई चक्कर लगाने पड़े। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, उसकी जांच कराई जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *