बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र के गांव चौबारी मे पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में युवक को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि समुदाय विशेष से ताल्लुक रखने वाली पत्नी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रही थी। पुलिस के मुताबिक चौबारी निवासी प्रियांशु सिंह ने समुदाय विशेष की सफीना उर्फ पायल से वर्ष 2024 में लव मैरिज की थी। शादी के बाद से दोनों बुखारा में किराये पर रहते हैं और आठ महीने का उनका बच्चा भी है। 20 अप्रैल को अपने पति प्रियांशु के खिलाफ थाना कैंट में शिकायत की। आरोप लगाया कि पति शराब के नशे में मारपीट और गाली-गलौज करते हैं। वहीं, 29 अप्रैल को प्रियांशु सिंह ने भी अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत की। आरोप लगाया कि उनकी पत्नी दूसरे समुदाय की है। धोखा देकर सफीना ने उनसे शादी की। अब वह बच्चे और उनका धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बना रही है। संपत्ति भी अपने नाम पर करने का दबाव बना रही है और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि मामले की जांच के बाद शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाना कैंट बुलाया गया। आपसी सहमति से दोनों में समझौता हो गया। जिसके बाद उन्हें कमरे पर बुखारा भेज दिया गया। मगर इसके बाद शनिवार दोपहर प्रियांशु सिंह अपने घर चौबारी पहुंचा और जहर खा लिया। भाई दीपांशु ने दोपहर 12:42 बजे उसे मिशन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी मे आया है कि शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद हुआ था लेकिन पत्नी ने इस आरोप से इनकार किया है। हालांकि इस मामले मे अभी कोई तहरीर नही दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
