बरेली। लव मैरिज के दो महीने बाद ही ससुराल मे विवाहिता की मौत हो गई। उसके गले पर फंदे का निशान मिला है। भाई ने दहेज में थार की डिमांड की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। सिटी सब्जी मंडी निवासी शालू ने बताया कि उनकी बहन शालिनी ने 19 फरवरी को मढ़ीनाथ निवासी अक्षय से लव मैरिज की थी। इकलौती बहन होने के कारण यह शादी उनकी सहमति से की गई थी। शनिवार को उनकी तबियत ठीक नहीं थी, जिसके चलते शालिनी ने आने को कहा था। मगर रात करीब आठ बजे शालिनी ने रोते हुए फोन किया कि ससुराल वाले उसे आने नहीं दे रहे हैं और पति समेत सभी लोग पीट रहे हैं। आरोपी बार बार उनकी बहन से थार की डिमांड करते थे। शालू ने बताया कि शनिवार रात करीब दस बजे अक्षय ने फोन करके बताया कि शालिनी बोल नहीं रही है और उसकी पल्स भी नही मिल रही। वह पहुंचे तो शालिनी का शव जमीन पर रखा था और गले में फंदा कसने का निशान था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो ससुराल वालों ने फंदा लगाकर खुदकुशी करने की बात कही। इस मामले मे शालू ने पति अक्षय, सास गीता, आकाश, अमन और जेठानी के खिलाफ दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत दो लोगों को हिरासत मे लिया है। इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने बताया कि गले पर फंदे का निशान है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।।
बरेली से कपिल यादव
