भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे सोमवार की दोपहर थार और हाइड्रा की टक्कर से सेवानिवृत्त अमीन समेत दो व्यक्तियों की मौत हो गई। एक हादसा भोजीपुरा में नैनीताल रोड और दूसरा बारादरी में सेटेलाइट के पास हुआ। भोजीपुरा में हुए हादसे के बाद थार चालक सेवानिवृत्त अमीन का शव मेडिकल कॉलेज में छोड़कर फरार हो गया। भोजीपुरा के गांव मिलक इमामनगर निवासी सेवानिवृत्त अमीन 62 वर्षीय श्यामाचरन गंगवार सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे अपनी बाइक से खाद लेने अटापट्टी सहकारी समिति पर गए थे। खाद का कट्टा बाइक पर रखकर दोपहर करीब 12 वह घर लौट रहे थे तो नैनीताल हाईवे पर बहेड़ी की ओर आ रही थार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे मे श्यामा चरन गंभीर रूप से घायल हो गए। थार चालक श्यामाचरन को मेडिकल कॉलेज लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद थार चालक वहां से फरार हो गया। सूचना पर श्यामाचरन के परिजन मौके पर पहुंचे और भोजीपुरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया दिया। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि थार का नंबर ट्रेस कर लिया गया है। चालक और थार की तलाश कराई जा रही है। पुलिस ने हाइड्रा समेत चालक को पकड़ा : क्योलड़िया के गांव अटंगा चंद्रपुर निवासी 54 वर्षीय अनीस खां पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली में रहकर जरी का काम करते हैं। रविवार शाम वह दिल्ली जाने के लिए घर से सेटेलाइट बसअड्डा पर पहुंचे थे। सीएनजी स्टेशन के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार हाइड्रा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने उनके परिजन को सूचना दी तो परिवार वाले मौके पर पहुंचे। उन लोगों ने बताया कि अनीस खां पांच दिन पहले गांव आए थे और रविवार को दिल्ली लौट रहे थे। पुलिस ने चालक को हाइड्रा समेत हिरासत में ले लिया है।
बरेली से कपिल यादव
