ताला टूटा न दरवाजा, हो गई लाखों की चोरी, चोर फरार

बरेली। जनपद के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के प्रियदर्शनी नगर मे ट्रांसपोर्ट कारोबारी अर्पित अग्रवाल के घर हुई चोरी ने पुलिस को भी चौंका दिया है। चोरों ने घर के ऊपर बने कमरों से करीब 40 से 50 लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी पार कर दी, जबकि वारदात के समय घर के निचले हिस्से में कारोबारी के पिता अरविंद अग्रवाल और माता मौजूद थे। हैरानी की बात यह है कि किसी भी ताले को तोड़े बिना अलमारी से सिर्फ चुनिंदा जेवर और कैश गायब किए गए, जबकि बाकी सामान वहीं छोड़ दिया गया। अरविंद अग्रवाल के बेटे अर्पित अग्रवाल ट्रांसपोर्ट कारोबारी हैं। वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कुछ दिन पहले मनाली घूमने गए थे। इसी दौरान घर के ग्राउंड फ्लोर पर उनके माता-पिता मौजूद रहे। चोरों ने ऊपर के बंद कमरों को निशाना बनाया और बेहद शातिर तरीके से अलमारी खोलकर केवल वही सामान निकाला, जिसकी कीमत सबसे अधिक बताई जा रही है। जब अर्पित परिवार के साथ मनाली से लौटे और ऊपर कमरे में पहुंचे तो अलमारी खुली देख उनके होश उड़ गए। चोरों ने अलमारी में रखा पूरा सामान नही समेटा। 40 से 50 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। बाकी आभूषण और सामान अलमारी में ही पड़े मिले। सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। बिना ताला तोड़े, सीसीटीवी से बचकर और घर में बुजुर्ग माता-पिता की मौजूदगी के बावजूद चोरी होना पूरे मामले को और संदेह के दायरे में ला रहा है। पुलिस अब कारोबारी परिवार के संपर्क में रहने वाले लोगों, कर्मचारियों, ड्राइवरों और घरेलू सहायकों की भूमिका की जांच कर रही है। करीबी या अंदरूनी सूत्र की आशंका को देखते हुए हर पहलू पर पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मौके का जायजा लिया गया है। परिवार के लोगों से बातचीत और पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *