डिजिटल जिम्मेदारी और साइबर जागरूकता पर मंथन

बरेली। पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय में शनिवार को ‘कनेक्ट बरेली जोन इन्फ्लुएंसर्स मीटअप-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बरेली जोन के नौ जिलों से पहुंचे 100 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल वॉलंटियर्स ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में डिजिटल जिम्मेदारी, साइबर सुरक्षा, फेक न्यूज, महिला सुरक्षा और यातायात जागरूकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनमत निर्माण का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय लोगों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने डिजिटल वॉलंटियर्स कार्यक्रम की भूमिका बताते हुए कहा कि यह पुलिस और डिजिटल समुदाय के बीच विश्वास व समन्वय का प्रभावी माध्यम है। एसएसपी अनुराग आर्या ने कहा कि भ्रामक सूचनाओं का प्रसार समाज में तनाव पैदा कर सकता है। इसलिए किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचना जरूरी है। एएसपी पीलीभीत विक्रम दहिया ने साइबर अपराध, साइबर हेल्प डेस्क और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव पर प्रजेंटेशन दिया। एएसपी संभल मनोज रावत ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर जानकारी दी। एएसपी पीलीभीत डॉ. नताशा गोयल ने नए आपराधिक कानून और आईटी एक्ट से जुड़े प्रावधान समझाए। एएसपी बरेली सोनाली मिश्रा ने महिला सुरक्षा, एंटी रोमियो स्क्वॉड, वुमन पावर लाइन 1090 और महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, एएसपी शिवम आशुतोष ने डिजिटल कंटेंट से जुड़े कानूनी पहलुओं और फेक न्यूज के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वरुण वशिष्ठ ने किया। इन्फ्लुएंसर्स कम्युनिटी ऑफ बरेली जोन के अध्यक्ष यश गुप्ता और सचिव अजहर ने इसे पुलिस और डिजिटल समुदाय के बीच सकारात्मक संवाद की मजबूत शुरुआत बताया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *