डिप्टी सीएम ने विधानसभा में युवा संसद के उद्घाटन सत्र को किया संबोधित
एक से तीन मई तक चलेगी युवा संसद, कहा- युवाओं के लिए सरकार हमेशा तैयार
लखनऊ। युवाओं के लिए हमारी सरकार हमेशा तैयार है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए रोगजार के अलावा कई कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। डर से आगे जीत है। जीवन में आगे बढ़ना है तो रिस्क तो लेना होगा।
यह कहना है प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का। वे शुक्रवार को विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। एक से तीन मई तक तीन दिवसीय युवा संसद में प्रदेश के 75 जिलों के लगभग 375 युवा प्रतिभागियों द्वारा केंद्रीय बजट-2026 और विकसित भारत-2047 के विजन पर अपने विचार साझा किए जाएंगे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि युवाओं को रिस्क लेने की क्षमता रखनी होगा। सिर्फ नौकरी के भरोसे काम नहीं चलेगा। अगर आगे बढ़ना है तो अपने मन के डर को खत्म करना होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में जिन लोगों ने अपना रास्ता बनाया, हमेशा ही नाम कमाया। उन्होंने माउंटेन मैन दशरथ मांझी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने पहाड़ को काट कर रास्ता बना दिया था। लोग हमेशा उन्हें याद रखेंगे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि हमें इस प्रतियोगी दौर में खुद को साबित करना है। अगर बड़ा बनना है तो बड़ी सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। कुछ ऐसा करना होगा कि दुनिया हमेशा हमें याद रखे।
डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि युवा संसद का मुख्य उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के निर्माण में शामिल कर विकसित, उन्नत और दुनिया के नक्शे पर नंबर एक राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इस दिशा में हम सभी को संयुक्त रूप से कार्य करना है। हर क्षेत्र में हमें अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन करना है। इस अवसर पर युवाओं ने भी अपने विचार साझा किए।
राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 के उद्घाटन सत्र के अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधायक डॉ० नीरज बोरा, विधायक शशांक वर्मा, क्षेत्रीय निदेशक, माय भारत अनिल कुमार सिंह, राज्य निदेशक, माय भारत गोपेश पाण्डेय एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
