फरीदपुर, बरेली। जनपद की फरीदपुर तहसील मे जमीन के विवाद मे बयान दर्ज कराने जा रही महिला की संदिग्ध हालात मे मौत हो गई। उसके बेटे ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। वारदात की सूचना पर सीओ ने घटनास्थल का दौरा कर महिला की हादसे में मौत की पुष्टि की। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन जमीन के विवाद मे राइफल की बट से हमलाकर हत्या करने का आरोप लगा रहे है। फतेहगंज पूर्वी के रामगंगा कटरी के शिवराजपुर गांव की नन्ही देवी (37) पत्नी मुकेश का गांव के कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा था। मुकेश दिल्ली मे रहकर मजदूरी करता है। नन्ही देवी ने जमीन के विवाद को लेकर तहसील प्रशासन से शिकायत की थी। सोमवार को नायब तहसीलदार शुभम पांडे राजस्व टीम ने बयान दर्ज करने के लिए महिला को तहसील बुलाया था। नन्ही देवी अपने बेटे अजीत के साथ बाइक से फरीदपुर तहसील आ रही थी। जरोल और नगरिया गांव के पास नन्हीं देवी की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत हो गई। उनके बेटे अजीत ने छह लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर, सीओ संदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को फरीदपुर के सरकारी अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ संदीप सिंह ने वहां पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। सीओ ने बताया कि महिला अपने बेटे के साथ बाइक से जा रही थी। इस दौरान बिजली के गिरे खंभे पर उनकी बाइक चढ़ गई। जिसके बाद महिला जमीन पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। नन्ही देवी के बेटे अजीत ने बताया कि मां की जमीन पर गांव के एक व्यक्ति ने कब्जा करना शुरू कर दिया। नन्ही देवी ने तहसील प्रशासन से शिकायत की। एसडीएम ने नायब तहसीलदार शुभम पांडे के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित कर नन्ही देवी की शिकायत का निस्तारण करने का आदेश दिया। इस दौरान खेत मे खड़ी गेहूं की फसल पक गई आरोप है दूसरे पक्ष के लोग गेहूं काटने की कोशिश करने लगे। राजस्व विभाग की टीम ने गेहूं की फसल अपने कब्जे मे ले ली। नन्ही अपनी गेहूं की फसल वापस देने की मांग कर रही थी। सोमवार को नायब तहसीलदार शुभम पांडे ने नन्ही देवी को तहसील मे बयान देने के लिए बुलाया था। इसी दौरान नन्ही देवी की मौत हो गई। पुलिस हत्या और हादसे के बीच उलझी गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है। नन्ही देवी के बेटे के अजीत का कहना है कि दबंगों ने रास्ते में घेरकर उनकी मां के सिर में राइफल की बट मार दी। जिसकी वजह से उसकी मौत होगी। जबकि पुलिस हादसा मान रही है।।
बरेली से कपिल यादव
