कैंटर की टक्कर से गल्ला व्यापारी की मौत, दो बाइकों को रौंदते हुए आइस्क्रीम के ठेले से टकराया, पिता-पुत्र समेत तीन घायल

भमोरा, बरेली। जनपद के थाना भमोरा क्षेत्र मे बरेली-बदायूं हाईवे पर शुक्रवार को करीब 12 बजे एक कैंटर ने दो बाइकों और एक आइस्क्रीम के ठेले को टक्कर मार दी। हादसे में एक गल्ला व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से सभी वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। भमोरा थाना क्षेत्र के खुली गांव निवासी नारद मुनि मौर्य (46) गल्ला व्यापारी हैं। उनके परिवार में पत्नी गीता देवी (42) और तीन बच्चे शिवम (22), शिखा (18), पायूष (17) हैं। शुक्रवार की सुबह नारद मुनि अपनी बाइक से उझानी की ओर मक्का खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान पुठी मोड़ से आगे बरेली-बदायूं हाईवे पर उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार कैंटर ने सामने से टक्कर मार दी। कैंटर बदायूं की ओर से बरेली जा रहा था। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। नारद मुनि खुली गांव के पूर्व प्रधान राम मोहन मौर्य के भाई है। नारद की बाइक को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कैंटर ने पास से गुजर रही दूसरी बाइक को भी चपेट में ले लिया। जिस पर सवार पिता-पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी बाइक पर युसुफपुर निवासी इंतजार खां (45) अपने 10 साल के बेटे बिलाल के साथ बदायूं के मोहल्ला कबूलपुरा जा रहे थे। इंतजार खां ने बताया कि वह काफी समय से कबूलपुरा में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते हैं। वह गुरुवार को किसी काम से अपने पैतृक गांव युसुफपुर आये थे। वही तो दूसरी बाइक को टक्कर मार कर कैंटर ने आगे चल रहे एक आइस्क्रीम के ठेले को भी रौंद दिया। इस दौरान ठेला लेकर जा रहा प्रियांशु (14) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके एक पैर और एक हाथ में गंभीर चोटें आईं हैं। टक्कर के बाद कैंटर सड़क किनारे पलट गया। मौके पर करीब सौ से ज्यादा ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस बीच आरोपी ड्राइवर अपनी जान बचाते हुए वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जिनमें से घायल प्रियांशु की हालत नाजुक बताई गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके से सभी गाड़ियों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। सिरोही थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रियांशु के पिता मनोज ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। जिसमें उनका बेटा प्रियांशु भी सहयोग करता है। हादसे की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *