मोहर्रम की दसवीं तारीख पर निकला ताजिया जुलूस, ड्रोन से हुई निगरानी

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बा मे शुक्रवार को मोहर्रम की दसवीं तारीख, यौमे आशूरा पर अकीदत और एहतराम के साथ ताज़िया जुलूस निकाला गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और पूरे जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई। मोहर्रम की नौवीं रात को सभी इमामबाड़ों और गलियों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। इन्हें देखने के लिए देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। दसवीं मोहर्रम को दोपहर बाद सभी ताजिये पुराना कपड़ा बाजार मे एकत्र हुए। यहां से वे पारंपरिक मार्ग पर रवाना हुए। कुरतरा, ठिरिया खेतल समेत विभिन्न मोहल्लों के ताज़िये इस हुसैनी काफिले में शामिल हुए। ग्रामीण क्षेत्रों से अगरास, सोरहा, रुकुमपुर, माधौपुर, धनतिया, इस्लामनगर और रसूला जैसे गांवों के ताज़िये अपने-अपने गांवों से चलकर एएनए रोड स्थित कर्बला पहुंचे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पहले ही वैकल्पिक मार्ग और रूट चार्ट जारी कर दिए थे। जुलूस मार्ग में जगह-जगह अकीदतमंदों द्वारा लंगर लगाए गए। इस दौरान शर्बत, पानी और अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इन सेवा कार्यों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर हुसैनी कमेटी ने शांतिपूर्ण आयोजन मे सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन को सम्मानित किया। नायब तहसीलदार सिमरन, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार, एसआई गंगाधर और पुलिस टीम को प्रतीक चिह्न भेंट किए गए। बेहतर विद्युत व्यवस्था के लिए बिजली विभाग के जेई को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट इमरान अंसारी, सरफराज अंसारी, तौफीक अंसारी, मोहम्मद अफजाल, असद अंसारी, सदर इरशाद हुसैन, अमान अंसारी सहित कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *