बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। गुरुवार को कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में ईद-उल-अजहा का त्योहार धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नमाज अदा कर देश मे शांति, तरक्की और आपसी सौहार्द की दुआ की। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और कुर्बानी की रस्म शुरू की जो तीन दिनों तक जारी रहेगी। कस्बे की ईदगाह में सुबह लगभग साढ़े आठ बजे ईद की नमाज अदा की गई। इसके अलावा जामा मस्जिद, कादरी मस्जिद, गौसिया मस्जिद, नूरी मस्जिद, अहमदी मस्जिद, गरीब नवाज़ मस्जिद समेत विभिन्न मस्जिदों मे तय समय के अनुसार नमाज अदा की गई। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार, एसएसआई अशोक कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार आदि दल बल के साथ लगातार क्षेत्र मे गश्त करते रहे। एडवोकेट इमरान अंसारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के दौरान सभी नागरिक आपसी सद्भाव बनाए रखें और अन्य धर्मों की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने खुले स्थानों पर कुर्बानी न करने की भी सलाह दी। इस दौरान हाजी जमील अहमद, फईम बबलू, सरदार अजहरी, असद अंसारी, एडवोकेट इमरान अंसारी, रईस राजा समेत बड़ी संख्या में लोगों ने देश में अमन चैन की दुआ की।।
बरेली से कपिल यादव
