इफको के दो रिटायर्ड अफसरों के घर से सामान और जेवर चोरी

बरेली। चोरों ने सुरेश शर्मा नगर में इफको से रिटायर्ड दो अफसरों के घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर लिए। चार चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिनमें से तीन सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। बारादरी पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। फरीदपुर में रहने वाले विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के भाई अनिल अग्रवाल इफको के रिटायर्ड अफसर हैं और बारादरी के सुरेश शर्मा नगर में रहते हैं। अनिल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह गुड़गांव में थे तो बुधवार को माली ने घर का दरवाजा खुला होने की उन्हें सूचना दी। जांच करने पर सामने आया कि एक जून की रात 2:11 बजे चार चोर उनके घर में घुसे और 2:15 पर निकल गए। इस दौरान उनके घर से 11 लाख के जेवरात और 20 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई। इसके बाद चोरों ने उनके पड़ोसी इफको के रिटायर्ड अफसर गिरिराज किशोर मांगलिक के घर से 21 लाख के जेवरात और 1.45 लाख रुपये की नकदी चोरी की। दोनों वारदात चोरों के एक ही गैंग ने अंजाम दी है। उनकी सूचना पर बारादरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। दसवां में गया परिवार, घर खंगाल ले गए चोर : बरेली। कैंट क्षेत्र की रामेश्वर धाम कॉलोनी फेस-2 में चोरों ने गौरव कुमार के घर का ताला तोड़कर एक जून की रात ढाई तोले का सोने का हार, चार अंगूठियां, मंगलसूत्र, कंठी, कानों के झुमके तथा 10 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह एक रिश्तेदारी में दसवां में गए थे। इस चोरी को लेकर उन्होंने कारपेंटर पर शक जताया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *