बहेड़ी, बरेली। अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। बहेड़ी तहसील क्षेत्र मे आधी रात की गई छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने अवैध खनन में संलिप्त दो जेसीबी और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पकड़े गए वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें थाना बहेड़ी की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। बुधवार की मध्यरात्रि को ग्राम उनई, थाना बहेड़ी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया। मौके पर पहुंची टीम को खनन कार्य में लगी दो जेसीबी मशीनें और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सक्रिय मिलीं। बताया गया कि टीम को देखते ही वाहन चालक और संचालक वाहनों को लेकर जंगल की ओर भागने लगे। प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाकर लगभग किलोमीटर तक उनका पीछा किया और सभी वाहनों को पकड़ लिया। पकड़े गए वाहनों के विरुद्ध अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। इसमें लगभग 10 लाख रुपये से अधिक की वसूली प्रस्तावित है। जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
